ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यकतानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें-डीएम जलस्तर बढाने के लिए रिचार्ज शाफ्ट बनाये जायें, 450 सिंगल फेस मोटर का प्रस्ताव भेजा कलेक्टर ने की विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यो की समीक्षा
श्योपुर, 20 फरवरी 2025
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने ग्रीष्मकाल को दृष्टिगत रखते हुए पीएचई अधिकारियों को निर्देश दिये कि आवश्कतानुसार ग्रामों में पेयजल के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें तथा कार्य योजना के अनुसार डिमांड शासन को भेजी जायें। नलजल योजनाओं के संचालित कार्यो को शीघ्रता से पूर्ण किया जायें। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीएचई सहित अन्य निर्माण विभागों के कार्यो की समीक्षा कर रहे थे।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रो में ग्रीष्मकाल के दौरान जलस्तर नीचे चला जाता है, वहां के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाये तथा पर्याप्त मात्रा में सिंगल फेस मोटर एवं राईजिंग पाइप की डिमांड भेजी जायें। उन्होने कहा कि भू-जलस्तर बढाने के लिए रिचार्ज शाफ्ट बनाने का कार्य मनरेगा से किया जायें।
कार्यपालन यंत्री शुभम अग्रवाल ने बताया कि गर्मियों में पेयजल व्यवस्था के तहत 6 हजार मीटर राईजिंग पाइप तथा 450 सिंगल फेस मोटर की डिमांड भेजी गई है। वर्तमान में 2196 सिंगल फेस मोटर क्षेत्र में चालू है। पीएचई द्वारा 315 ग्रामों में जल जीवन मिशन अंतर्गत नलजल योजना का कार्य किया जा रहा है, जिसमें से 190 पूर्ण कर ली गई है तथा 125 प्रगतिरत है, प्रगतिरत योजनाओ में से 81 ग्रामों में मार्च अंत तक कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।
मूंझरी समूह जल प्रदाय योजना में 31 प्रतिशत कार्य पूर्ण
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा जल निगम अंतर्गत संचालित कार्यो की समीक्षा में महाप्रबंधक श्री अनंत शर्मा ने बताया कि जल निगम द्वारा चंबल एवं मूंझरी समूह जल प्रदाय योजना के कार्य किये जा रहे है। उक्त दोनो योजनाओं में 196 गांव शामिल है। मूंझरी समूह में शामिल 122 गांव में पाईपलाइन एवं टंकी निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जो 31 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। स्टेज-1 की स्वीकृति मार्च तक मिलने के बाद इंटेकवैल तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य शुरू किया जायेगा।
श्योपुर, बडौदा जलावर्धन योजना में इंटेकवैल एवं डब्ल्यूटीपी का कार्य जारी
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने मध्यप्रदेश अर्बन डवलपमेंट कार्पोरेशन द्वारा श्योपुर एवं बडौदा की जलावर्धन योजना अंतर्गत संचालित कार्यो की समीक्षा के दौरान निर्देश दियेे कि श्योपुर शहर में वर्तमान में एनएच-552 के तहत सिटीपोर्सन में सडक बनाने का कार्य किया जा रहा है, इसलिए निर्माण से पूर्व डिजाइन अनुसार मैन लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण किया जाये। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए अनुमति प्राप्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायें, जिससे बाद में पाइपलाइन बिछाने हेतु सडक खोदने की आवश्यकता न पडें।
एमपीयूडीसी के अधिकारियों ने बताया कि बडौदिया बिंदी में इंटेकवैल बनाने का कार्य शुरू हो गया है तथा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य भी 18 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। क्लीयर वाटर राईजिंग पाइप बिछाने का कार्य भी 50 प्रतिशत पूर्ण हो गया है। पार्वती नदी पर एनिकिट बनाने के लिए राजस्थान से एनओसी अपेक्षित है, जिसकी प्रक्रिया वरिष्ठ स्तर से की जा रही है।
विधुत विहिन ग्रामों की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा विधुत वितरण कंपनी अंतर्गत संचालित कार्यो की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये गये कि कुराचोर कला, कुराचोर खुर्द, नवलपुरा आदि ऐसे ग्राम जो विधुत विहिन है, उनके विधुतीकरण के लिए कार्य योजना तैयार की जायें। विधुत वितरण कंपनी के अधिकारी श्री लवलेश पनिका ने बताया कि अकोरिया एवं मगरधा में विधुत सब स्टेशन निर्माण का कार्य आगामी तीन माह में पूर्ण कर लिये जायेगे। आरडीएस योजना में हिरनीखेडा, पच्चीपुरा, खैरघटा सब स्टेशन के कार्य पूर्ण कर लिये गये है तथा मेखडी एवं सलापुरा सब स्टेशन का कार्य प्रगति पर है।

Comments
Post a Comment